Psalms

8

Hindi O.V. (Re-edited)

1 प्रधान बजानेवालों के लिये : गित्तीत की राग पर दाऊद का भजन हे यहोवा हमारे प्रभु, तेरा नाम सारी पृथ्वी पर क्या ही प्रतापमय है! तू ने अपना वैभव स्वर्ग पर दिखाया है।

2 तू ने अपने बैरियों के कारण बच्‍चों और दूध पिउवों के द्वारा  सामर्थ्य की नींव डाली है,   ताकि तू शत्रु और पलटा लेनेवालों को रोक रखे।

3 जब मैं आकाश को, जो तेरे हाथों  का कार्य है, और चंद्रमा और तारागण को जो तू ने नियुक्‍त किए हैं, देखता हूँ;

4 तो फिर मनुष्य क्या है कि तू उसका स्मरण रखे, और आदमी क्या है कि तू उसकी सुधि ले?  

5 क्योंकि तू ने उसको परमेश्‍वर  से थोड़ा ही कम बनाया है, और महिमा और प्रताप का मुकुट उसके सिर पर रखा है।

6 तू ने उसे अपने हाथों के कार्यों पर प्रभुता दी है; तू ने उसके पाँव तले सब कुछ कर दिया है :  

7 सब भेड़-बकरी और गाय-बैल और जितने वनपशु हैं,

8 आकाश के पक्षी और समुद्र की मछलियाँ, और जितने जीव-जन्तु समुद्रों में चलते फिरते हैं।

9 हे यहोवा, हे हमारे प्रभु, तेरा नाम सारी पृथ्वी पर क्या ही प्रतापमय है।

© Bible Society of India